आम आदमी पार्टी ने रामपुर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई की मांग
रामपुर। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के जिला प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला ने रामपुर नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली और शहर की बदहाल स्थिति को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सना मामून को पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करने और शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की।
फैसल खान
लाला ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष को जिम्मेदारी संभाले करीब तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन शहर की स्थिति में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने गंदगी, जर्जर सड़कें, क्षतिग्रस्त नालियां, टूटे नालों के ढक्कन, खराब स्ट्रीट लाइट, पेयजल की समस्या और पार्कों की बदहाली जैसे मुद्दे उठाए।
उन्होंने खुले और टूटे नालों को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि खुले नालों में गिरने से दो मासूम बच्चों की जान जा चुकी है, इसके बावजूद खतरनाक स्थानों को दुरुस्त करने में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। बारिश के दौरान जलभराव और नगर पालिका के अधीन नेहरू स्कूल की बदहाल स्थिति को भी उन्होंने गंभीर जनहित का मुद्दा बताया।
फैसल खान लाला ने कहा कि चुनाव के दौरान मोहल्ला क्लिनिक शुरू करने, नेहरू स्कूल को मॉडल स्कूल बनाने और रामपुर को उत्तर प्रदेश की शानदार मॉडल नगर पालिका बनाने जैसे वादे किए गए थे, लेकिन करीब तीन वर्ष बाद भी इन वादों पर उल्लेखनीय काम दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने नगर पालिका की कार्यप्रणाली में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा कामकाज में पूर्ण पारदर्शिता की मांग की। साथ ही सफाई, सड़क, नाली, जलभराव, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, पार्क, मोहल्ला क्लिनिक और नेहरू स्कूल से जुड़े मामलों में तत्काल ठोस कार्रवाई की अपील की।
फैसल खान लाला ने कहा कि रामपुर की जनता सब कुछ देख रही है और हर काम का हिसाब रख रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर पालिका अध्यक्ष जनता की अपेक्षाओं को समझते हुए अपने कार्यकाल में ठोस एवं जनहितकारी कार्य कराएंगी।
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24
🎤 जिला रिपोर्टर यूसुफ रामपुर



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें